टाटानगर से चलने वाली आठ बड़ी ट्रेनों का टर्मिनल आदित्यपुर शिफ्ट, आसान होगी यात्रा

Jamshedpur : रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और संचालन को और सुगम बनाने के लिए टाटानगर से चलने वाली आठ प्रमुख ट्रेनों का टर्मिनल आदित्यपुर स्टेशन पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत यात्रियों को समय और यात्रा में आसानी होगी। इस बदलाव के अनुसार 20816 विशाखापट्टनम-टाटा एक्सप्रेस अब विशाखापट्टनम-आदित्यपुर एक्सप्रेस के रूप में चलेगी। टाटा से ट्रेन का समय 6:40 बजे से घटाकर आदित्यपुर पर 6:35 बजे कर दिया गया है। वहीं, 20815 टाटा–विशाखापट्टनम एक्सप्रेस 30 मार्च से आदित्यपुर से चलेगी, और इसका प्रस्थान समय 7:25 बजे से बढ़ाकर 7:30 बजे किया गया है।
इसके अलावा, धनबाद-टाटानगर एक्सप्रेस (13302) दोपहर 3:35 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी, जबकि टाटानगर-धनबाद एक्सप्रेस (13301) 5 फरवरी से आदित्यपुर से दोपहर 12:05 बजे चलेगी। आसनसोल-टाटानगर एक्सप्रेस (13512) 12:50 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी, और टाटानगर-आसनसोल एक्सप्रेस (13511) दोपहर 1:25 बजे आदित्यपुर से चलेगी। दोनों ट्रेनें 6 फरवरी से आदित्यपुर से संचालित होंगी। इसके अलावा, हटिया-टाटानगर एक्सप्रेस (68036) रात 11:35 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी, जबकि टाटानगर-हटिया ट्रेन (68035) सुबह 6:35 बजे आदित्यपुर से प्रस्थान करेगी।
