Home

पलामू में ईद : इबादत में झुके हजारों सिर, वित्त मंत्री ने लोगों को दी मुबारकबाद

Palamu : झारखंड के पलामू जिले में ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। रमजान के बाद शनिवार को जिलेभर की मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। शहरी हो या ग्रामीण इलाका, हर जगह भाईचारे और खुशी का माहौल नजर आया।

वित्त मंत्री ने लोगों से मिलकर दी बधाई

ईद के मौके पर झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर पाटन क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से मुलाकात कर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उनकी मौजूदगी से लोगों में खास उत्साह देखने को मिला।

जामा मस्जिद में अदा हुई नमाज

मेदिनीनगर के छह मुहान स्थित जामा मस्जिद में पेश इमाम मुफ्ती मोहम्मद शाहनवाज कासमी ने नमाज अदा कराई। नमाज से पहले तकरीर में उन्होंने कहा कि ईद खुशी और भाईचारे का त्योहार है और इसे मिल-जुलकर मनाना चाहिए।

जिलेभर में गूंजा अमन-चैन का पैगाम

पलामू की छोटी मस्जिद, नूरी मस्जिद, मिल्लत मस्जिद, मदीना मस्जिद, मोहम्मदिया मस्जिद और मस्जिद-ए-हेरा समेत कई जगहों पर नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान लोगों ने देश की तरक्की और अमन-चैन के लिए दुआ मांगी। इसके बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की बधाई दी गई।

कब्रिस्तान जाकर पूर्वजों को किया याद

ईद की नमाज के बाद बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तान पहुंचे और अपने पूर्वजों को याद करते हुए फातिहा पढ़ी। इसके बाद लोग घर लौटे और परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मनाईं।

घरों में बने पकवान, बच्चों में खास उत्साह

ईद के मौके पर घर-घर में सेवई, खीर और अन्य पारंपरिक पकवान बनाए गए। परिवार के लोग एक साथ बैठकर इनका आनंद लेते नजर आए। वहीं पहाड़ी मुहल्ला में लगे मेले में बच्चों ने झूले और खेलों का खूब आनंद उठाया।

केएन त्रिपाठी ने भी दी शुभकामनाएं

पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने डालटनगंज और आसपास के इलाकों का दौरा किया। उन्होंने मस्जिदों में जाकर नमाजियों से मुलाकात की और ईद की बधाई दी। उनके इस कदम से समाज में सौहार्द का संदेश और मजबूत हुआ।

सभी प्रखंडों में शांतिपूर्ण माहौल

चैनपुर, सतबरवा, पांकी, लेस्लीगंज, तरहसी, पाटन, छतरपुर, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, विश्रामपुर और पांडु समेत सभी प्रखंडों में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया।

प्रशासन रहा अलर्ट

ईद के मौके पर पूरे जिले में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की सतर्कता के चलते कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *