रांची में 28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा चैंपियनशिप 23 से, तैयारियां अंतिम चरण में

रांची, 21 मार्च 2026:
28वीं सब जूनियर नेशनल सेपक टकरा चैंपियनशिप का आयोजन 23 से 27 मार्च 2026 तक ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव इंडोर स्टेडियम, रांची में किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
प्रतियोगिता को लेकर स्टेडियम पूरी तरह से तैयार कर लिया गया है। खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में की गई है, जबकि तकनीकी पदाधिकारियों के आवास के लिए रांची के विभिन्न होटलों में व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए तकनीकी अधिकारियों का आगमन भी शुरू हो चुका है।
उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम
23 मार्च को अपराह्न 3:00 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जो आयोजन को और आकर्षक बनाएगा।
अंतरराष्ट्रीय अतिथियों की रहेगी उपस्थिति
इंटरनेशनल सेपक टकरा फेडरेशन के सेक्रेटरी जनरल दातुक अब्दुल हलीम बिन कादिर (सिंगापुर) उद्घाटन समारोह में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव नरेश कुमार, अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उदय साहू ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान सेपक टकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया की एक विशेष आम सभा का भी आयोजन किया जाएगा।
वहीं, सेपक टकरा एसोसिएशन ऑफ झारखंड के चेयरमैन सुनील सूर्यांत ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन समारोह 27 मार्च 2026 को आयोजित किया जाएगा।
