पश्चिमी सिंहभूमि

पैरा एशियाई खेलों के स्वर्ण विजेता विजय का जिला प्रशासन ने किया सम्मान

पश्चिमी सिंहभूम, 12 नवंबर । जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश के साथ पश्चिमी सिंहभूम जिले का गौरव बढ़ाने वाले पैरा तीरंदाज विजय सुंडी को गुरुवार को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया।

जिला समाहरणालय में आयोजित सम्मान समारोह में उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने विजय सुंडी को अंगवस्त्र, फल की टोकरी और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

इस मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने विजय सुंडी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल करना पूरे पश्चिमी सिंहभूम के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विजय ने अपनी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता जिले के युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

विजय सुंडी ने 23 अक्टूबर 2026 को जापान के आइची-नागोया में आयोजित पांचवें पैरा एशियाई खेलों की पुरुष रिकर्व डबल्स स्पर्धा में भारतीय तीरंदाज हरविंदर सिंह के साथ शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उनकी इस उपलब्धि के बाद जिले में खेल जगत और विभिन्न वर्गों में खुशी का माहौल है।

सम्मान समारोह में विजय सुंडी के कोच महर्षि महेंद्र सिंकु को भी खिलाड़ी की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। माैके पर अधिकारियों ने कहा कि खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में प्रशिक्षक की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।

एसपी ने कहा कि विजय सुंडी की उपलब्धि जिले के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। वहीं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने विजय सुंडी और उनके कोच को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला प्रशासन ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *