खेलरांची

दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल ट्रॉफी का भव्य समापन, झारखंड बना ओवरऑल चैंपियन

Bokaro : बोकारो स्टील सिटी के जी.जी.पी.एस. स्कूल, सेक्टर-V/B में आयोजित फर्स्ट दिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल ट्रॉफी वूमेंस नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025 का सोमवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 से 29 दिसंबर 2025 तक चली, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्गों में मुकाबले हुए। शानदार प्रदर्शन के आधार पर झारखंड ओवरऑल चैंपियन बना। क्योरूगी स्पर्धा में झारखंड ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि बिहार उपविजेता और छत्तीसगढ़ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं पूमसे स्पर्धा में बिहार ने पहला, झारखंड ने दूसरा और ओडिशा ने तीसरा स्थान हासिल किया।

समापन दिवस पर सीनियर, जूनियर, कैडेट और सब-जूनियर वर्गों में कई रोचक मुकाबले देखने को मिले, जिनमें झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और ओडिशा की खिलाड़ियों ने पदक जीते। झारखंड की खिलाड़ियों का प्रदर्शन खासा प्रभावशाली रहा और उन्होंने कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो रहे। उनके साथ जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, झारखंड ताइक्वांडो एसोसिएशन और ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के पदाधिकारी, गुरु गोविंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी के प्रतिनिधि तथा बोकारो जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

अतिथियों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *