बैंकिंग क्षेत्र व उद्योग जगत के बीच सहयोग बढ़ाने पर मंथनइंडियन बैंक के एमडी और झारखंड चैंबर के पदाधिकारियों की बैठक
रांची : बैंकिंग क्षेत्र और उद्योग जगत के बीच सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इंडियन बैंक के एमडी एवं सीईओ बिनोद कुमार और फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को होटल रैडिसन ब्लू, रांची में आयोजित हुई।
बैठक में बैंक के निदेशक बालमुकुंद सहाय, जीएम (फील्ड जनरल मैनेजर–पटना) विवेक, जीएम (फाइनेंस एवं रूरल बैंकिंग) चंद्रशेखरन वी, रांची जोनल मैनेजर राजेश शरण, देवघर जोनल मैनेजर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
एमडी बिनोद कुमार ने झारखंड चैंबर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा और महासचिव रोहित अग्रवाल को कार्यभार ग्रहण करने पर बधाई दी और बैंक तथा उद्योग जगत के बीच सहयोगात्मक कार्य प्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि राज्य में बैंक की 165 शाखाएं कार्यरत हैं और इनका लगातार विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बैंक का मुख्य फोकस एमएसएमई और कृषि क्षेत्र में वृद्धि पर है। बैंक रियल एस्टेट और क्लस्टर डेवलपमेंट को भी प्राथमिकता देगा। झारखंड चैंबर के सहयोग से मुद्रा लोन वितरण मेला आयोजित करने की घोषणा भी उन्होंने की।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बैंक और उद्योगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की बात कही। उन्होंने राज्य में जीएम ऑफिस, ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना तथा रीजनल कॉन्क्लेव आयोजित करने का सुझाव दिया। एमडी ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए अधिकारियों को अग्रतर कार्रवाई के निर्देश दिए।
पूर्व अध्यक्ष रंजीत टिबड़ेवाल और मनोज नरेड़ी ने सीएनटी–एसपीटी एक्ट से बैंक शाखा विस्तार में आने वाली दिक्कतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अन्य बैंक इस दायरे में लोन दे रहे हैं, इसलिए इंडियन बैंक को भी इस दिशा में पहल करनी चाहिए। इस पर एमडी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि बैंक इस मुद्दे की समीक्षा कर उचित कदम उठाएगा।
सह सचिव रोहित पोद्दार ने सुझाव दिया कि बैंक सिंगल विंडो लोन अप्रूवल सिस्टम विकसित करे और औद्योगिक शहरों में शाखाओं का विस्तार करे। इस पर एमडी ने बताया कि रांची की लालपुर शाखा में विशेष रूप से एमएसएमई और कृषि लोन की सुविधा उपलब्ध है तथा 10 करोड़ रुपये तक का लोन सिंगल पॉइंट से स्वीकृत किया जाता है।
बैठक में रियल एस्टेट सेक्टर की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। एमडी ने आश्वासन दिया कि बैंक इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगा। पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने लघु व्यापारियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने पर बल दिया।
चेक क्लीयरिंग और साइबर सिक्योरिटी के मुद्दों पर भी विचार हुआ। सह सचिव नवजोत अलंग के प्रश्न पर एमडी ने स्पष्ट किया कि चेक क्लोनिंग की स्थिति में ग्राहक की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी, यह बैंक की जवाबदेही है। उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने ऑनलाइन फ्रॉड रोकने के लिए बैंक के साइबर सिस्टम को और मजबूत करने का सुझाव दिया।
बैठक के अंत में रांची जोनल मैनेजर राजेश शरण ने चैंबर के साथ निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक के बाद एमडी अपने दल के साथ चैंबर भवन पहुँचे और संस्था की 60 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना की।
महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि इंडियन बैंक के शीर्ष नेतृत्व द्वारा झारखंड चैंबर के साथ संवाद स्थापित करना राज्य के उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र के लिए सकारात्मक पहल है। उन्होंने कहा कि आज की बैठक से बैंकिंग क्षेत्र और उद्योग जगत के बीच साझेदारी और अधिक सशक्त होगी।
बैठक में चैंबर के पदाधिकारी प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, अनिल अग्रवाल, विकास मोदी, महेंद्र जैन, शशांक भारद्वाज, धीरज तनेजा, रंजीत गाड़ोदिया सहित कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।
