Home

धनबाद में जहरीली गैस रिसाव: राहत अभियान दूसरे दिन भी जारी

Dhanbad : धनबाद के केंदुआडीह क्षेत्र में जहरीली गैस रिसाव को रोकने के लिए राहत अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। राजपूत बस्ती स्थित पुराने जीएम बंगले के पास मंगलवार शाम से बोरिंग का काम शुरू हुआ था। पहले दिन लगभग 6 मीटर तक बोरिंग की गई।

प्रशासन ने बताया कि भूमिगत गैस को नियंत्रित करने के लिए 14 हजार लीटर लिक्विड नाइट्रोजन मंगाई गई है। बोरिंग पूरी होने के बाद इसी बोरहोल के जरिए नाइट्रोजन गैस डालकर कार्बन मोनोऑक्साइड के दबाव को कम किया जाएगा।

बोरिंग का काम एमईसीएल द्वारा किया जा रहा है और धंसार माइंस रेस्क्यू स्टेशन के विशेषज्ञ तकनीकी सहायता दे रहे हैं। सुरक्षा कारणों से प्रभावित इलाके को अलर्ट मोड पर रखा गया है। डीजीएमएस और सिन्फर के वैज्ञानिक लगातार गैस की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा IIT-ISM धनबाद, CMPDI और सिन्फर की संयुक्त टीम भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

मौके पर भारी मशीनें और तकनीकी टीम तैनात हैं। स्थानीय निवासी मोहम्मद साजिद ने बताया कि बोरिंग का काम धीमी गति से चल रहा है और अभी भी 400-500 पीपीएम गैस रिकॉर्ड की जा रही है। स्थानीय लोग चाहते हैं कि काम तेज किया जाए ताकि उन्हें जल्द राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *