Dhanbad IIT ISM Student Death: धनबाद में IIT-ISM के हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरकर छात्र की मौत
धनबाद, 31 अक्टूबर। झारखंड के धनबाद स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) के एक्वामरीन हॉस्टल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। हॉस्टल की आठवीं मंजिल से गिरकर पेट्रोलियम इंजीनियरिंग के अंतिम वर्ष के एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के अहमदपुर निवासी माने राजकुमार प्रतीक (करीब 24-25 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल धनबाद के अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र किन परिस्थितियों में आठवीं मंजिल से नीचे गिरा, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।
आठवीं मंजिल से गिरने की सूचना पर मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह एक्वामरीन हॉस्टल में छात्र के नीचे गिरने की सूचना मिलते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। संस्थान के अधिकारी और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंचे। छात्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
प्रारंभिक जानकारी में छात्र के आठवीं मंजिल से कूदने की बात सामने आई है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
परिजनों को दी गई सूचना, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
आईआईटी-आईएसएम के सुरक्षा प्रभारी राम मनोहर ने बताया कि छात्र के आठवीं मंजिल से गिरने की सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी फिलहाल जानकारी नहीं है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके धनबाद पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
वहीं, सरायढेला थाना प्रभारी मनजीत सिंह के अनुसार, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
छात्र की मौत से आईआईटी-आईएसएम परिसर में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस घटना की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
