Home

धनबाद क्रिकेट संघ की प्रबंध समिति की बैठक संपन्न, महिला क्रिकेट समिति का गठन, कई महत्वपूर्ण निर्णय

धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की प्रबंध समिति की बैठक शनिवार को अध्यक्ष मनोज कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में क्रिकेट के समग्र विकास, संगठनात्मक गतिविधियों और प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।

बैठक में अवधेश कुमार सिंह द्वारा विशेष आमसभा (स्पेशल जनरल बॉडी मीटिंग) बुलाने के लिए भेजे गए पत्र पर विचार किया गया। अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि इस पत्र पर 26 जून को आयोजित प्रबंध समिति की बैठक में चर्चा हुई थी, जिसमें हस्ताक्षरों की वैधता पर संदेह व्यक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि पत्र जमा करने के तीन दिन बाद स्वयं अवधेश कुमार सिंह ने ई-मेल के माध्यम से स्वीकार किया था कि पत्र में शामिल दस सदस्यों के हस्ताक्षर वैध नहीं थे।

इसके बाद हस्ताक्षरों की जांच के लिए धनबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार झा को अधिकृत किया गया। उन्होंने 16 जुलाई को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि कई सदस्यों ने पत्र पर अपने हस्ताक्षर फर्जी होने की बात कही। कई क्लबों के नाम पर किए गए हस्ताक्षर अधिकृत प्रतिनिधियों द्वारा नहीं किए गए थे, जबकि एक ऐसे सदस्य के हस्ताक्षर भी पाए गए जो लंबे समय से विदेश में हैं। जांच में कुल 65 प्रतिशत हस्ताक्षरों में अनियमितता पाई गई। रिपोर्ट के आधार पर प्रबंध समिति ने अवधेश कुमार सिंह की विशेष आमसभा बुलाने की मांग को अस्वीकार कर दिया। इस संबंध में उन्हें रविवार को औपचारिक पत्र भी भेजा जाएगा।

महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए समिति गठित

बैठक में धनबाद में महिला क्रिकेट को प्रोत्साहित करने तथा महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महिला क्रिकेट समिति के गठन का निर्णय लिया गया।

समिति की अध्यक्ष डीपीएस की प्राचार्य डॉ. सरिता सिन्हा को बनाया गया है। समिति में पूनम शर्मा, आशनी सिंह, डॉ. नीतू सहाय, सोनाली सिंह, सुप्रिया कुमारी, कल्याणी सिन्हा, डॉ. रीना बर्णवाल एवं बिंदु सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया।

कार्यकारिणी में बदलाव

बैठक में कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार सिंह एवं दिवेन तिवारी के आचरण तथा संघ की गतिविधियों के प्रति उनके असहयोगात्मक रवैये पर भी चर्चा की गई। प्रबंध समिति ने माना कि उनके व्यवहार से यह प्रतीत होता है कि उन्हें समिति पर विश्वास नहीं है तथा वे कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कार्य करने के इच्छुक नहीं हैं। इसे उनके पदत्याग के रूप में मानते हुए उनके स्थान पर अशोक सराफ और शिव शक्ति को तत्काल प्रभाव से कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त करने का निर्णय लिया गया।

इसके अतिरिक्त अभिषेक सिंह को भी सर्वसम्मति से धनबाद क्रिकेट संघ की कार्यकारिणी समिति का सदस्य मनोनीत किया गया।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने धनबाद में क्रिकेट के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा संगठन को अधिक पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *