धनबाद क्रिकेट संघ ने क्लब और खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की तारीख घोषित की, 23 अक्टूबर से प्रक्रिया शुरू
सुपर डिवीजन एलीट, प्लेट और ए डिवीजन के क्लब 30 अक्टूबर तक करा सकेंगे पंजीकरण, झारखंड के बाहर के खिलाड़ियों को नहीं मिलेगा मौका
धनबाद। धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) ने सुपर डिवीजन एलीट, प्लेट और ए डिवीजन के क्लबों के रजिस्ट्रेशन की तिथि घोषित कर दी है। क्लबों का पंजीकरण 23 से 30 अक्टूबर तक रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में कराया जा सकेगा। वहीं, खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन एक से सात नवंबर तक और खिलाड़ियों के क्लब ट्रांसफर की प्रक्रिया एक से पांच नवंबर तक चलेगी।
डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह ने बताया कि क्लब के रजिस्ट्रेशन के लिए 2,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रत्येक खिलाड़ी के पंजीकरण के लिए 500 रुपये देने होंगे। झारखंड के दूसरे जिलों के खिलाड़ियों के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड के बाहर के खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा।
ओपन ट्रायल में पंजीकृत खिलाड़ियों को मिलेगी छूट
महासचिव ने बताया कि डीसीए के अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-19 ओपन ट्रायल के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन करा चुके खिलाड़ियों से क्लब के लिए दोबारा रजिस्ट्रेशन शुल्क नहीं लिया जाएगा। सभी शुल्क ऑनलाइन माध्यम या डिमांड ड्राफ्ट के जरिए स्वीकार किए जाएंगे। प्रत्येक क्लब के लिए कम से कम 15 खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी दस्तावेज
खिलाड़ियों के पंजीकरण के लिए डिजिटल जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड के साथ आधार वेरिफिकेशन और स्थानीय पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। स्थानीय पहचान पत्र के रूप में खिलाड़ी अपना या अपने माता-पिता का मतदाता पहचान पत्र अथवा पासपोर्ट जमा कर सकते हैं।
डीसीए ने क्लबों और खिलाड़ियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
