पश्चिमी सिंहभूमि

एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक तक एलिवेटेड रोड बनाने की मांग, सरयू राय ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

पूर्वी सिंहभूम, 02 अगस्त । जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले किसी उपयुक्त स्थान तक एलिवेटेड रोड (ऊपरी पथ/फ्लाईओवर) के निर्माण की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री और पथ निर्माण विभाग के सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक सरयू राय ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क दलमा वन्यजीव अभयारण्य (दलमा सेंक्चुरी) क्षेत्र से होकर गुजरती है। वन क्षेत्र होने के कारण इस सड़क का चौड़ीकरण आसान नहीं है। ऐसे में भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए सड़क के ऊपर एलिवेटेड रोड का निर्माण सबसे उपयुक्त और व्यावहारिक विकल्प हो सकता है।

उन्होंने बताया कि डिमना चौक से एमजीएम मेडिकल कॉलेज तक फोरलेन सड़क निर्माण की योजना पहले ही स्वीकृत हो चुकी है। पथ निर्माण विभाग द्वारा इसका निर्माण कराया जाएगा। विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) में आवश्यक संशोधन तथा टाटा स्टील से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मिलने के बाद इस परियोजना पर काम शुरू होगा।

सरयू राय ने कहा कि एमजीएम मेडिकल कॉलेज के आगे डिमना लेक और पटमदा की ओर जाने वाली सड़क संकरी है, जिससे इस मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। इसे देखते हुए उन्होंने एमजीएम मेडिकल कॉलेज से डिमना लेक के पहले तक एलिवेटेड रोड बनाने का सुझाव दिया, ताकि इस मार्ग पर यातायात सुरक्षित, सुगम और बाधारहित हो सके।

विधायक ने कहा कि डिमना लेक जमशेदपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंचते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 की तर्ज पर इस मार्ग पर भी ऊपरी पथ का निर्माण समय की आवश्यकता है।

विधायक ने बताया कि इस प्रस्ताव को लेकर उनकी पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा हुई है। अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि परियोजना के क्रियान्वयन में कोई बड़ी तकनीकी बाधा नहीं है और वन विभाग से आवश्यक अनुमति मिलने में भी विशेष कठिनाई नहीं होगी।

सरयू राय ने कहा कि एलिवेटेड रोड बनने से पटमदा, बोड़ाम और कटिंग क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही जमशेदपुर से पुरुलिया जाने वाले यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, सुगम और तेज होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के यातायात प्रबंधन के साथ-साथ पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *