खेलधनबाद

दलीप ट्रॉफी के फाइनल में कोनैन कुरैशी के शतक पर डीसीए में जश्न

धनबाद के युवा क्रिकेटर ने दूसरी पारी में नाबाद 116 रन बनाकर किया प्रभावित

धनबाद, संवाददाता। धनबाद के डिगवाडीह निवासी युवा क्रिकेटर कोनैन कुरैशी के दलीप ट्रॉफी फाइनल में शानदार शतकीय पारी खेलने पर धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) के पदाधिकारी और क्रिकेटप्रेमी गदगद हैं। उनकी उपलब्धि का जश्न रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में मनाया गया। इस दौरान उभरते हुए क्रिकेटरों ने केक काटा और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया।

कोनैन कुरैशी को दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले में पश्चिम क्षेत्र के खिलाफ खेलने का अवसर मिला था। यह उनका पहला प्रथम श्रेणी मैच था। खास बात यह है कि इससे पहले उन्होंने एक भी रणजी ट्रॉफी मैच नहीं खेला था। इसके बाद पांच दिवसीय फाइनल में दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया।

फाइनल की दूसरी पारी में कोनैन कुरैशी ने नाबाद 116 रन की शतकीय पारी खेली। इससे पहले पहली पारी में उन्होंने 40 रन बनाए और दो विकेट भी हासिल किए। इनमें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा का महत्वपूर्ण विकेट भी शामिल था।

कोनैन के इस प्रदर्शन के साथ इशान किशन की कप्तानी वाली पूर्व क्षेत्र की टीम ने दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। उनके शानदार प्रदर्शन को धनबाद क्रिकेट संघ ने जिले के युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।

इस अवसर पर डीसीए के महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह एवं जावेद खान, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, अरविंद महता, सुनील कुमार, संजीव राणा, अशीत सहाय, रियाज खान, नायब अली, राजेश, मो. शाकिब, कुंदन कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और क्रिकेटप्रेमी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *