डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जिले के विकास और जनसेवा के लिए कसी कमर, दिये सख्त निर्देश
Ranchi : डीसी मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय सभी वरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, योजनाओं की प्रगति, राजस्व मामलों, जन शिकायत निवारण और लोक सेवाओं की समीक्षा की गई। डीसी भजंत्री ने कहा कि स्थापना दिवस के सफल आयोजन में सभी पदाधिकारियों का समन्वय सराहनीय रहा।

उन्होंने सभी को एक दिशा में सोचकर कार्य करने और प्रशासनिक जिम्मेदारियों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। बैठक में “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” कार्यक्रम को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीसी ने कहा कि 21 नवंबर से सभी प्रखंडों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और सभी वरीय पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।
डीसी भजंत्री के मुख्य निर्देश
- सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय आएं, आई कार्ड पहनें और बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करें।
- आम जनता के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार न हो।
- समाहरणालय परिसर में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें।
- जन शिकायत निवारण को प्राथमिकता दें और सही जानकारी प्रदान करें।
विकास कार्य और योजनाओं की समीक्षा
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण और शहरी), अबुआ आवास, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, अमृत सरोवर योजना जैसी योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए निर्देश दिए गए।
