झारखंड

स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे डीसी मनीष कुमार ने बच्चों को पढ़ाया गणित

पश्चिमी सिंहभूम, 24 सितंबर। उपायुक्त मनीष कुमार ने गुरुवार को मनोहरपुर प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एसएसआईपी प्लस टू उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों को खुद गणित पढ़ाया और उनसे विभिन्न सवाल पूछकर विषय की समझ का आकलन किया।

उपायुक्त को अचानक शिक्षक की भूमिका में देखकर कक्षा में मौजूद छात्र-छात्राएं और शिक्षक उत्साहित नजर आए। उन्होंने विद्यार्थियों को गणित के सवालों को सरल तरीके से हल करने की प्रक्रिया समझाई। साथ ही बच्चों से पढ़ाई को लेकर बातचीत करते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए लगातार मेहनत करने की सलाह दी।

मनीष कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल कक्षा में पढ़ाई तक सीमित नहीं है। नियमित अभ्यास, अनुशासन और सकारात्मक सोच भी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्कूल की सुविधाओं का लिया जायजा

औचक निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय परिसर में डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन छह कमरों के नए भवन का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने विकास मद से विद्यालय परिसर में नया साइकिल स्टैंड बनाने का निर्देश दिया। इसके अलावा हैंडवॉश यूनिट स्थापित करने, पेवर ब्लॉक लगाने और वर्षा जल संचयन की व्यवस्था विकसित करने को कहा।

उन्होंने विद्यालय में पेयजल, शौचालय और परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।

स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण पर जोर

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव है। इसलिए विद्यालय का वातावरण स्वच्छ, सुरक्षित और विद्यार्थियों के अनुकूल होना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय की आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

मौके पर मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *