Home

जामताड़ा सदर अस्पताल में अव्यवस्था पर डीसी सख्त, 5 दिन का अल्टीमेटम

Jamtara : झारखंड के जामताड़ा सदर अस्पताल में अव्यवस्था देखकर डीसी (जिला उपायुक्त) काफी नाराज हो गए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं, जिसके बाद उन्होंने अधिकारियों को सुधार के लिए 5 दिन का समय दिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने ओपीडी, महिला-पुरुष वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, एसएनसीयू, डायलिसिस यूनिट और अल्ट्रासाउंड सेंटर तक का जायजा लिया। इस दौरान कई जगहों पर व्यवस्था खराब मिली, जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई। अस्पताल में सबसे बड़ी कमी ड्यूटी रोस्टर को लेकर सामने आई। कहीं भी डॉक्टरों और स्टाफ की ड्यूटी सूची नहीं लगी थी। इस पर डीसी ने तुरंत रोस्टर सार्वजनिक करने का निर्देश दिया ताकि मरीजों को जानकारी मिल सके।

मरीजों से बातचीत में खुली पोल
मरीजों और परिजनों से बातचीत में भी कई खामियां सामने आईं। कुछ बेड पर मरीजों की रिपोर्ट और हिस्ट्री टिकट तक नहीं मिली। एक मरीज ने बेडशीट न मिलने की शिकायत भी की, जिस पर डीसी ने नाराजगी जताई। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की हालत खराब मिली। बाथरूम की स्थिति और दवा स्टोर रूम की अव्यवस्था पर भी डीसी ने गंभीर आपत्ति जताई। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों की सुविधा से समझौता नहीं होगा। डीसी ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि 4–5 दिनों के भीतर सभी खामियों को दूर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सुधार नहीं हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *