एस्कॉर्ट सर्विस का झांसा देकर साइबर ठगी, हजारीबाग से 6 गिरफ्तार

Hazaribagh : हजारीबाग पुलिस ने एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र से कुल 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से कार, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और डेबिट कार्ड समेत कई डिजिटल सबूत बरामद किए हैं।
तकनीकी शिकायत पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, तकनीकी शाखा को प्रतिबिंब ऐप पर मिली शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी वेबसाइट और ऑनलाइन विज्ञापन के जरिए लोगों को एस्कॉर्ट सर्विस का झांसा देते थे और फिर UPI व अन्य डिजिटल माध्यमों से पैसे की ठगी करते थे। संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के भेलवारा इलाके में पाई गई। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैद्यनाथ प्रसाद के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने विष्णुगढ़–हजारीबाग रोड स्थित इंटर कॉलेज के पास देर रात करीब 1 बजे एक KIA Sonet कार को रोका, जिसमें सवार 6 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान उनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों के नाम टिंकू रवानी, इन्द्रदेव रवानी, कुन्दन कुमार, मन्नु कुमार साव, सुरज कुमार और सुमित कुमार वर्मा हैं। इनमें से अधिकांश आरोपी विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 KIA Sonet कार, 12 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड और 10 डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। इस मामले में विष्णुगढ़ थाना कांड संख्या 01/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
