रांची

अचला एकादशी पर श्री श्याम मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, भजनों से गुंजायमान हुआ मंदिर परिसर

रांची, 13 मई : हरमू रोड स्थित में अचला एकादशी के अवसर पर मंगलवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातः काल से ही मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

सुबह 5:00 बजे मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। नियमित दर्शनार्थियों के साथ-साथ एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। प्रातः 5:30 बजे मंगला आरती संपन्न हुई। इसके उपरांत मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान एवं वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा की उपस्थिति में बाबा श्याम का दिव्य प्रातःकालीन श्रृंगार किया गया।

सुबह 8:30 बजे आयोजित श्रृंगार आरती में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। हरमू रोड क्षेत्र “हारे के सहारे की जय, श्याम प्यारे की जय” के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालु अपने आराध्य देव के समक्ष अपनी मनोकामनाएं लेकर कतारबद्ध होकर दर्शन करते नजर आए। मंदिर की मान्यता है कि सच्चे और निस्वार्थ भाव से बाबा श्याम का स्मरण करने वाले भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

श्रृंगार आरती के बाद “जय जय जय खाटू के वासी, जय जय बाबा श्याम” जैसे भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। दोपहर 12:30 बजे मंदिर के पट विश्राम के लिए बंद किए गए।

शाम 4:30 बजे पुनः पट खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। एकादशी का मुख्य कार्यक्रम रात्रि 9:30 बजे से प्रारंभ हुआ। मंडल के कार्यकारिणी सदस्य स्नेह पोद्दार एवं सदस्या स्नेहा पोद्दार ने बाबा श्री श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित कर केसरिया पेड़ा, रबड़ी, मगही पान एवं फलों का भोग अर्पित किया।

मंडल के उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया ने गणेश वंदना के साथ भजन संकीर्तन की शुरुआत की। इसके बाद वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्याम सुंदर शर्मा ने गुरु वंदना प्रस्तुत की। राजेश चौधरी ने हनुमान वंदना, अनुज मोदी ने रानी सती दादी वंदना, वेद भूषण जैन ने भोले बाबा की वंदना तथा सलज अग्रवाल एवं गौरव अग्रवाल ने श्याम बाबा के भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

देर रात्रि आरती के साथ एकादशी संकीर्तन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, उपाध्यक्ष श्रवण ढांढनिया, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां, महामंत्री गौरव अग्रवाल, मंत्री विष्णु चौधरी, पंकज गाड़ोदिया, उपमंत्री प्रवीण सिंघानिया, प्रचार मंत्री रोहित अग्रवाल सहित श्याम सुंदर शर्मा, राजेश ढांढनिया, स्नेह पोद्दार, स्नेहा पोद्दार, अनिल नारनोली, रोशन खेमका, दिनेश अग्रवाल, कृष्ण शर्मा, यश सुरेका समेत सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।

कार्यक्रम की जानकारी मंडल के महामंत्री गौरव अग्रवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *