बोकारो जोन में अपराध पर शिकंजा, आईजी सुनील भास्कर ने दिए कड़े निर्देश

Bokaro : बोकारो जोन के आईजी सुनील भास्कर के नेतृत्व में हजारीबाग एसपी कार्यालय के सभागार में क्षेत्रीय पुलिस अफसरों की बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी रेंज डीआईजी और जिलों के एसपी ने हिस्सा लिया। बैठक में आईजी ने अपराध नियंत्रण, नक्सलियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा, लैंगिक अपराध और अन्य संवेदनशील मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
मुख्य निर्देश इस प्रकार रहे :
बच्चों की गुमशुदगी की त्वरित प्राथमिकी दर्ज कर उनके बरामदगी की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें।
ई-साक्ष्य संकलन के लिए सभी जिलों में अनुसंधानकर्ताओं को मोबाइल फोन उपलब्ध कराए जाएं।
BNSS की धारा-107 के तहत अपराध की रोकथाम और संबंधित सामान की जप्ती सुनिश्चित करें।
पॉस्को और लैंगिक अपराध मामलों की नियमित समीक्षा कर, समय पर आरोप पत्र दाखिल करें।
नक्सली और संगठित गिरोह के सदस्यों के विरुद्ध पुरस्कार उद्घोषित किया जाए।
एक ही प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
बच्चा चोरी और अन्य अफवाहों से आमजन को दूर रखने के लिए जागरूकता वीडियो बनाए जाएँ और सूचना देने के लिए प्रचार प्रसार किया जाए।
एंटी-नक्सल अभियान में स्वयं पुलिस अधीक्षक भी भाग लें।
अधिक से अधिक मामलों में त्वरित मुकदमेबाजी (स्पीडी ट्रायल) शुरू की जाए।
लंबित वारंट और कुर्की के निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाया जाए।
माननीय न्यायालय की सुरक्षा और रिकॉर्ड का निरीक्षण क्षेत्रीय डीआईजी द्वारा सुनिश्चित किया जाए।
जेल से बाहर आए अभियुक्तों की निगरानी करें।
होटल और लॉज में ठहरे व्यक्तियों का सत्यापन कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
सक्रिय उग्रवादियों के विरुद्ध अभियान चलाया जाए और उनकी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जाए।
अवैध अफीम की खेती की पहचान कर नष्ट करने की कार्रवाई करें।
मंगला जुलूस, ईद, सरहुल, रामनवमी जैसे पर्वों के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों और अवैध शराब के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
अपराध नियंत्रण के लिए एंटी-क्राइम और वाहन चेकिंग करायी जाए तथा जेल से बाहर निकले संगठित गिरोह की निगरानी सुनिश्चित करें।
आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि सभी पुलिस अधिकारी अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराध पर रोक लगाएँ और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्देशों का पालन सख्ती से किया जाए।
