रांची

‘महिला आरक्षण विधेयक’ पर कांग्रेस का भाजपा पर भ्रामक नैरेटिव से जनता को गुमराह करने का आरोप

धनबाद, 20 अप्रैल। धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने ‘महिला आरक्षण संशोधन विधेयक’ को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला बोला है। सोमवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे पर देशभर में भ्रामक और तथ्यहीन नैरेटिव गढ़कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा यह झूठा प्रचार कर रही है कि कांग्रेस महिला विरोधी रही है और उसने संसद में महिला आरक्षण विधेयक को गिराया था। इस दावे को पूरी तरह निराधार बताते हुए उन्होंने इसे एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति करार दिया।

संतोष कुमार सिंह ने सवाल उठाया कि यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं के हित में गंभीर है, तो वह लोकसभा की 543 सीटों में तत्काल 33 प्रतिशत आरक्षण लागू क्यों नहीं करती। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं अब इस तरह की राजनीतिक चालबाजी को समझ चुकी हैं और उन्हें यह एहसास हो चुका है कि उनके अधिकारों के नाम पर केवल राजनीति की जा रही है।

उन्होंने जानकारी दी कि महिला आरक्षण से संबंधित संवैधानिक संशोधन विधेयक वर्ष 2023 में संसद से पारित हो चुका है, जो 131वां संविधान संशोधन है और इसे महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से लाया गया था।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस विधेयक के साथ लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में वृद्धि तथा परिसीमन (डिलिमिटेशन) की शर्त जोड़ दी गई है, जिससे इसके लागू होने में अनावश्यक देरी हो सकती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में समान अधिकार देने की पक्षधर रही है। पार्टी का मानना है कि महिला आरक्षण का वास्तविक लाभ तभी मिल सकेगा, जब इसे बिना किसी शर्त और देरी के लागू किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *