सीएम हेमंत सोरेन ने दी नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं

Ranchi : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने नववर्ष 2026 के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर सभी को नए साल की बधाई, शुभकामनाएं और जोहार कहा। सीएम ने अपने संदेश में कहा कि नववर्ष 2026 का आगमन केवल एक नए साल की शुरुआत नहीं, बल्कि वीर पुरखों के सपनों के सोना झारखंड के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने वर्ष 2025 में झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ नेताओं दिशोम गुरु शिबू सोरेन और महान आंदोलनकारी रामदास सोरेन के निधन को याद करते हुए कहा कि वे आज प्रकृति की गोद से राज्य को आशीर्वाद दे रहे हैं।
हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड ने बीते वर्षों में संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं की लंबी यात्रा तय की है। इस विकास यात्रा में आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर, महिलाएं और युवाओं की अहम भूमिका रही है। राज्य सरकार ने सामाजिक न्याय, जनकल्याण और समावेशी विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सीएम ने कहा कि युवा झारखंड का लक्ष्य अब स्पष्ट है और सरकार वर्ष 2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड के निर्माण के लिए काम करेगी। उन्होंने बताया कि अबुआ सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकारों को केंद्र में रखकर नीतियां लागू करेगी।अपने संदेश के अंत में सीएम ने कामना की कि नववर्ष 2026 सभी के जीवन में सुख, शांति, अच्छा स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने संदेश का समापन “जय जोहार, जय झारखंड” के साथ किया।
