रांची

दिशोम गुरु की जयंती पर चेशायर होम पहुंचे CM हेमंत सोरेन, दिया सहयोग का भरोसा

हेमंत

Ranchi : दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की 82वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने रांची स्थित “चेशायर होम” का दौरा किया। इस दौरान दोनों ने वहां रह रहे दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया, उनसे बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को मौके पर कहा कि यह पहला अवसर है जब बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती उनके बिना मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गुरुजी का पूरा जीवन संघर्ष, त्याग और बलिदान से भरा रहा। कमजोर, पिछड़े और आदिवासी समाज के हक की लड़ाई में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उनके विचार आने वाली पीढ़ियों को मार्ग दिखाते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चेशायर होम से उनका पुराना और भावनात्मक जुड़ाव रहा है। वे समय-समय पर यहां आते रहे हैं और बच्चों से मिलते रहे हैं। उन्होंने संस्था में दी जा रही देखभाल और सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां काम करने वाले लोग पूरे समर्पण के साथ बच्चों की सेवा कर रहे हैं। दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास किसी से कम नहीं है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच कंबल और आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया। उन्होंने चेशायर होम को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया और कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी बच्चों से संवाद किया और संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि समाज और सरकार उनके साथ खड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *