WEF में भाग लेने ज्यूरिख पहुंचे CM हेमंत सोरेन, झारखंड के लिए निवेश के नए अवसरों पर रहेगा फोकस

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन गुरुवार को स्विट्ज़रलैंड के सबसे बड़े शहर ज्यूरिख पहुंच गए। ज्यूरिख एयरपोर्ट पर भारत के राजदूत मृदुल कुमार ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 19 से 21 जनवरी तक दावोस में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) में भाग लेंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि एंबेसडर मृदुल कुमार से मिलकर उन्हें खुशी हुई और वह WEF में झारखंड और भारत का प्रतिनिधित्व करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि इस मंच पर उनका विशेष फोकस प्रकृति के साथ सामंजस्य एवं समावेशी विकास पर रहेगा।
11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और निवेश एजेंडा
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में 11 सदस्यीय झारखंड प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेगा। इस वैश्विक मंच पर झारखंड सरकार राज्य की निवेश संभावनाओं, औद्योगिक नीति, खनन, पर्यटन तथा सतत विकास से जुड़े एजेंडे को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं विभागीय सचिव भी शामिल हैं। मुख्य सचिव अविनाश कुमार, वित्त सचिव प्रशांत कुमार तथा खान सचिव अरवा राजकमल भी स्विट्ज़रलैंड पहुंच चुके हैं और प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
दावोस के बाद यूके का दौरा
वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के समापन के बाद 21 जनवरी से झारखंड प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए रवाना होगा। 26 जनवरी तक चलने वाले इस दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेगा। यूके में पहले से मौजूद मंत्री सुदिव्य कुमार की टीम के साथ मिलकर व्यापार, शिक्षा, कौशल विकास और तकनीकी सहयोग से जुड़े कार्यक्रमों में सहभागिता की जाएगी।
इस अंतरराष्ट्रीय दौरे का उद्देश्य झारखंड और भारत को वैश्विक मंच पर निवेश, सहयोग और विकास के नए अवसरों के लिए मजबूती से प्रस्तुत करना है।
