ईडी दफ़्तर में पुलिस कार्रवाई पर बाबूलाल ने उठाए सवाल, क्या बोल गए… जानें

Ranchi : राजधानी रांची में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय में कथित मारपीट के आरोपों को लेकर गुरुवार को मामले ने जोर पकड़ ली। गुरुवार सुबह रांची पुलिस की एक टीम एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी कार्यालय पहुंची और शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। इस दौरान ईडी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
संतोष कुमार ने लगाया इल्जाम :
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में कार्यरत क्लर्क संतोष कुमार ने आरोप लगाया है कि ईडी के सहायक निदेशक प्रतीक और उनके सहायक शुभम ने उन्हें कार्यालय बुलाकर उनके साथ मारपीट की। संतोष कुमार का दावा है कि इस दौरान उनका सिर फोड़ दिया गया और सबूत मिटाने की कोशिश की गई। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इडी ने आरोपों को साजिश बताया :
जबकि इसके विपरीत, ईडी के वरिष्ठ सूत्रों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे साजिश बताया है। ईडी का कहना है कि संतोष कुमार को कोई समन जारी नहीं किया गया था। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वयं शीशे की बोतल से अपने सिर पर चोट पहुंचाई। इसके बाद ईडी अधिकारियों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इलाज के पश्चात संतोष कुमार ने अपने बीपी और हाइपरटेंशन से संबंधित जानकारी लिखित रूप में दी थी। ईडी ने इस पूरे मामले को लेकर हाईकोर्ट का रुख करने की बात कही है।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि…
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ईडी के पास पुलिस-प्रशासन से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार मामलों से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस कार्रवाई की आड़ में इन अहम साक्ष्यों से छेड़छाड़ या उन्हें नष्ट करने का प्रयास किया जा सकता है।
