मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने की सड़क निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक, दिए महत्वपूर्ण निर्देश
समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : मुख्यमंत्री
रांची, 15 जुलाई। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और पुल-पुलिया से जुड़ी सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विभागीय अधिकारियों ने पिछले पांच वर्षों के दौरान संचालित योजनाओं, निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें विभिन्न सड़क, फ्लाईओवर, ओवरब्रिज और पुल-पुलिया परियोजनाओं की प्रगति, वर्तमान स्थिति तथा लंबित कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं का अद्यतन एवं सुव्यवस्थित डेटाबेस तैयार किया जाए तथा प्रत्येक योजना की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना की लागत, प्रगति, समय-सीमा और वर्तमान स्थिति का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध रहने से निगरानी और समीक्षा अधिक प्रभावी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जियो-टैगिंग से पारदर्शिता बढ़ेगी, निगरानी प्रणाली मजबूत होगी तथा जवाबदेही तय करने में आसानी होगी। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान कर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं का अद्यतन विवरण नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
हेमन्त सोरेन ने कहा कि उन्हें सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से सड़कों की खराब स्थिति, गड्ढों, जलजमाव तथा निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने और उसके निष्पादन का पूरा रिकॉर्ड संधारित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने वर्षा ऋतु का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस मौसम में सड़कों की खराब स्थिति दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। इसलिए गड्ढों की तत्काल मरम्मत, प्रभावी जल निकासी व्यवस्था तथा सड़कों की गुणवत्ता में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जहां आवश्यकता हो, वहां संकीर्ण सड़कों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कर यातायात को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाया जाए।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की कई सड़क, फ्लाईओवर और पुल-पुलिया परियोजनाएं वर्षों से लंबित हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने राजधानी रांची सहित राज्य की सभी महत्वपूर्ण लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि कुछ प्रमुख परियोजनाओं को आगामी दो माह के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सोलर साइकिल ट्रैक सहित अन्य नवीन परियोजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, मजबूती, समुचित जल निकासी व्यवस्था तथा पुल-पुलियों के किनारों को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए और सभी कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
