डीएवी गांधीनगर में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन, विभिन्न वर्गों के विजेताओं को किया गया सम्मानित

ओथ संस्था की पहल पर विद्यार्थियों ने दिखाई रणनीतिक सोच और खेल प्रतिभा
रांची। सामाजिक संस्था ओथ के तत्वावधान में गुरुवार को कांके रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर में एक दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रणनीतिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन ओथ के ट्रस्टी दीपक बंका, विद्यालय के प्राचार्य पी.के. झा तथा संस्था के वरिष्ठ सदस्य अमित कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
इन खिलाड़ियों ने जीता प्रथम स्थान
प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग में श्रिया, अंडर-14 बालक वर्ग में मानस, अंडर-17 बालिका वर्ग में अनुष्का, अंडर-17 बालक वर्ग में संभव, अंडर-19 बालिका वर्ग में मानसी तथा अंडर-19 बालक वर्ग में आलोक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं, वैशाली, आयुष्मान, मानसी प्रिया, मोहित, वैभवी और अपूर्व ने अपने-अपने वर्ग में उपविजेता का स्थान हासिल किया।
शतरंज से बढ़ती है तार्किक सोच और निर्णय क्षमता
इस अवसर पर दीपक बंका ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि मानसिक विकास, एकाग्रता, तार्किक सोच और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी नियमित रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों और ओथ संस्था के पदाधिकारियों द्वारा पुरस्कार एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कृष्णा प्रसाद, अमित दत्ता, शरद नाथ उपाध्याय, गोविंद झा, सोमा घटक, कौशल किशोर, रूपराज सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
