ब्राउन शुगर की तस्करी का भंडाफोड़, रांची के किराये के मकान से दो युवक गिरफ्तार, 400 पुड़िया बरामद
रांची: राजधानी रांची में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक कुंज, कश्यप विहार इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने एक किराए के मकान से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 400 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया है. इस संबंध में बुधवार को डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विस्तृत जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कश्यप विहार इलाके में कुछ संदिग्ध युवक नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री में लिप्त हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी के निर्देश पर हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया. यह टीम नवनीत कुमार विश्वास के किराये के मकान पर पहुंची और विधिवत रूप से छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो युवकों – दिनेश कुमार राम और शिवम कुमार – को मौके से गिरफ्तार किया. दोनों के पास से कुल 400 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जो बाजार में लाखों रुपये की कीमत की बताई जा रही है. इसके अलावा पुलिस को मौके से नशे से जुड़ी अन्य सामग्रियां भी मिली हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया है.
डीआईजी चंदन सिन्हा ने बताया कि इस मामले में तीन अन्य व्यक्तियों को नामजद आरोपी बनाया गया है. उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. उन्होंने यह भी कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रांची को नशे से मुक्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. आने वाले समय में और भी सघन छापेमारी की जाएगी ताकि नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके.
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि नशीले पदार्थों की तस्करी में शहर के आवासीय क्षेत्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो चिंता का विषय है. पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.
