Home

पाकुड़ में मिड-डे मील के अनाज की कालाबाजारी का खुलासा, ट्रांसपोर्टर के घर से 99 बोरा अनाज जब्त

पाकुड़: जिले के सदर प्रखंड से एक गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है, जहां मिड-डे मील (मध्याह्न भोजन योजना) के लिए भेजे गए अनाज की कालाबाजारी की जा रही थी. जयकिस्टोपुर और इसके आसपास के तीन स्कूलों के मिड-डे मील के लिए निर्धारित अनाज स्कूलों तक पहुंचाने की बजाय ट्रांसपोर्टर मोहम्मद कासिम ने उसे अपने घर में जमा कर रखा था.

यह बात तब उजागर हुई जब स्थानीय ग्रामीणों को अनाज की हेराफेरी की भनक लगी. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और जिला आपूर्ति विभाग को दी. सूचना के आधार पर मुफस्सिल थाना पुलिस और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने इशहाकपुर शैतानखाना गांव स्थित ट्रांसपोर्टर के घर पर छापेमारी की.

छापेमारी के दौरान ट्रांसपोर्टर के घर से 99 बोरा अनाज बरामद किया गया, जो ट्रैक्टर में लादा गया था. आशंका जताई जा रही है कि यह अनाज पश्चिम बंगाल भेजा जा रहा था. जब्त किए गए अनाज का वजन लगभग 50 क्विंटल बताया जा रहा है.

मुफस्सिल थाना प्रभारी संजीव कुमार झा ने बताया कि पूछताछ के दौरान ट्रांसपोर्टर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके चलते पुलिस ने ट्रैक्टर और अनाज दोनों को जब्त कर लिया है. मामले को गंभीरता से लेते हुए आपूर्ति विभाग ने जांच शुरू कर दी है कि आखिर यह अनाज ट्रांसपोर्टर के घर कैसे पहुंचा और इसे स्कूलों में क्यों नहीं पहुंचाया गया.

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जैसे ही लिखित शिकायत प्राप्त होती है, एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह घटना मिड-डे मील जैसी कल्याणकारी योजनाओं की पारदर्शिता और क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करती है. यदि अनाज की कालाबाजारी जैसी घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे बच्चों के पोषण और शिक्षा पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. प्रशासन की सक्रियता से फिलहाल एक बड़ी अनियमितता का पर्दाफाश हो गया है, लेकिन अब देखना यह होगा कि दोषियों को क्या सजा मिलती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *