विदेश

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने दिया इस्तीफा, जुलाई में मिलेगा नया पीएम

लेबर पार्टी में बढ़ते असंतोष के बीच लिया फैसला, एंडी बर्नहैम सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं

लंदन: कीर स्टार्मर ने सोमवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और Labour Party के नेता पद से इस्तीफा दे दिया। 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर राष्ट्र को संबोधित करते हुए स्टार्मर ने कहा कि लेबर पार्टी को नहीं लगता कि वह अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सही व्यक्ति हैं।

स्टार्मर का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब लेबर पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर लंबे समय से असंतोष बढ़ रहा था। पार्टी के 400 सांसदों में से 100 से अधिक सांसदों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। सांसदों का कहना था कि स्टार्मर या तो तत्काल पद छोड़ें या फिर इस्तीफे की तारीख घोषित करें।

इसी बीच, स्वास्थ्य मंत्री Wes Streeting, रक्षा मंत्री John Healey तथा मंत्री Jess Phillips ने भी अपने पदों से इस्तीफा देते हुए स्टार्मर के नेतृत्व पर सवाल उठाए।

स्टार्मर पिछले सात वर्षों में कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ने वाले ब्रिटेन के पांचवें प्रधानमंत्री बन गए हैं। इससे पहले Theresa May, Boris Johnson, Liz Truss और Rishi Sunak भी अपने कार्यकाल के दौरान इस्तीफा दे चुके हैं।

17 जुलाई तक मिल सकता है नया प्रधानमंत्री

कीर स्टार्मर ने कहा कि लेबर पार्टी जुलाई के मध्य तक अपना नया नेता चुन लेगी। नए नेता के चुने जाने तक वह कार्यवाहक प्रधानमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने उत्तराधिकारी को पूरा सहयोग देंगे।

स्टार्मर ने बताया कि उन्होंने अपने फैसले की जानकारी ब्रिटेन के राजा King Charles III को दे दी है। अब लेबर पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति नए नेता के चुनाव की प्रक्रिया तय करेगी। 9 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है, जबकि 17 जुलाई से पहले नए नेता का चयन करने का प्रयास किया जाएगा।

ब्रिटेन में जनता सीधे प्रधानमंत्री का चुनाव नहीं करती। आम चुनाव में लोग सांसद चुनते हैं और संसद में बहुमत हासिल करने वाली पार्टी का नेता ही प्रधानमंत्री बनता है। चूंकि वर्तमान में लेबर पार्टी सत्ता में है, इसलिए पार्टी का नया नेता ही देश का अगला प्रधानमंत्री बनने का सबसे बड़ा दावेदार होगा।

एंडी बर्नहैम सबसे मजबूत दावेदार

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, Andy Burnham को कीर स्टार्मर का संभावित उत्तराधिकारी माना जा रहा है। हाल ही में उपचुनाव जीतकर संसद में लौटे बर्नहैम को लेबर सांसदों के एक बड़े वर्ग का समर्थन प्राप्त है।

ब्रिटिश राजनीति में लोकप्रिय चेहरा माने जाने वाले बर्नहैम को पार्टी के वामपंथी और मध्यमार्गी दोनों गुटों का समर्थन हासिल है। वह पहले स्वास्थ्य मंत्री सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी पदों पर कार्य कर चुके हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान मैनचेस्टर के हितों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ उनका मुखर रुख उनकी लोकप्रियता का बड़ा कारण माना जाता है।

हालांकि, अभी तक किसी भी उम्मीदवार ने आधिकारिक रूप से अपनी दावेदारी पेश नहीं की है। ऐसे में लेबर पार्टी के नए नेता के चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *