पलामू में आहर से दो सगे मासूम भाइयों के शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पलामू: जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र की बगैया पंचायत अंतर्गत चौड़ार गांव में रविवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया। गांव स्थित पंचायत भवन के समीप एक आहर (तालाब) से दो सगे भाइयों के शव बरामद किए गए हैं।
मृतकों की पहचान उमाशंकर राम के 12 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार और 10 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है।
तीन घंटे की तलाश के बाद मिले शव
मृतक बच्चों के चाचा रामशंकर के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे जब परिवार के लोग खेतों में काम करके लौटे तो दोनों बच्चे घर पर नहीं मिले। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से खोजबीन शुरू की गई। करीब तीन घंटे की कड़ी तलाश के बाद रात में दोनों भाइयों के शव गांव के आहर से मिले।
घटना की सूचना मिलने पर छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शवों को पानी से बाहर निकाला। एक साथ दो चिरागों के बुझने से परिवार में कोहराम मचा है।
परिजनों ने जताया हत्या का संदेह, 12 घंटे पहले हुआ था विवाद
परिजनों ने बच्चों की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। चाचा रामशंकर ने बताया कि आहर में पानी बेहद कम था, इसलिए बच्चों का उसमें डूब जाना गले से नहीं उतर रहा है।
उन्होंने बताया कि घटना से महज 12 घंटे पहले खेत में सिंचाई को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति के साथ परिवार का विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान आरोपी ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसी रंजिश के आधार पर परिजन निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
बच्चों की मौत की असल वजह अभी पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि बच्चे आहर तक कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में उनकी जान गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
