बिहार

बिहार के सरकारी अस्पतालों को बड़ी राहत, 5006 एएनएम की होगी नियुक्ति

नियुक्ति

Patna : बिहार के सरकारी अस्पतालों के लिए इस महीने बड़ी राहत की खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने 5006 नई एएनएम (सहायक नर्स दाई) की तैनाती की तैयारी पूरी कर ली है। यह नियुक्ति संविदा आधार पर की जाएगी और चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। जल्द ही चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी।

यह भर्ती प्रक्रिया राज्य स्वास्थ्य समिति के तहत आयोजित की गई थी। राज्यभर में ऑनलाइन परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिसके बाद आंसर-की जारी की गई। अभ्यर्थियों से आपत्तियां भी ली गईं, जिनकी अंतिम तिथि 28 दिसंबर थी। अब स्वास्थ्य विभाग आपत्तियों की जांच कर रहा है और इसके बाद फाइनल रिजल्ट जारी किया जाएगा। नई एएनएम की नियुक्ति से जिला अस्पतालों, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नर्सिंग सेवाएं मजबूत होंगी। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में मातृ और शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आने की उम्मीद है।

इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग 220 ऑप्थेलमिक असिस्टेंट की भर्ती प्रक्रिया भी चला रहा है, जिससे आंखों से संबंधित जांच और इलाज की सुविधाएं बेहतर होंगी। स्वास्थ्य विभाग ने पिछली भर्तियों से मिली सीख को ध्यान में रखते हुए इस बार यह सुनिश्चित करने की कोशिश की है कि अधिक से अधिक चयनित अभ्यर्थी योगदान दें। पहले कम वेतन और संविदा नौकरी की अनिश्चितता के कारण कई अभ्यर्थी योगदान नहीं कर पाए थे।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इन नियुक्तियों से राज्य की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था मजबूत होगी और मरीजों को बेहतर और समय पर इलाज मिल सकेगा। यह कदम बिहार की स्वास्थ्य प्रणाली के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *