Home

झारखंड में बिगड़े मौसम ने ली 6 जा’न, आज भी आंधी-तूफान का अलर्ट जारी

Ranchi : झारखंड में पिछले एक हफ्ते से मौसम पूरी तरह बदला हुआ है। कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश और आंधी, लोगों को समझ नहीं आ रहा कि मौसम कब क्या रूप ले ले। हालात ऐसे हैं कि अब तक राज्य में छह लोगों की जान जा चुकी है। मौसम विभाग ने रविवार को भी इसी तरह का मौसम बने रहने की चेतावनी दी है।

एक हफ्ते से जारी है मौसम का उतार-चढ़ाव

राजधानी रांची समेत राज्य के ज्यादातर जिलों में पिछले कई दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं गरज के साथ बारिश हो रही है तो कहीं तेज हवा चल रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और तेज हवा चल सकती है, साथ ही कुछ जगहों पर वज्रपात की भी संभावना है।

बीते 24 घंटे में ऐसा रहा हाल

पिछले 24 घंटे में भी मौसम ने लोगों को खूब परेशान किया। दोपहर में तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया, लेकिन शाम होते ही मौसम अचानक बदल गया। कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, वहीं कई जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह और जामताड़ा जैसे जिलों में तेज हवा और ओलों ने जनजीवन को प्रभावित किया। धनबाद में करीब 20 मिनट तक बड़े-बड़े ओले गिरे, जिससे सड़कें और खेत सफेद नजर आने लगे।

फसलों को भारी नुकसान

इस खराब मौसम का असर खेती पर भी पड़ा है। सब्जियों की फसल और आम के पेड़ों में लगे मोजर को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि लगातार बदलते मौसम से फसल बर्बाद होने का खतरा बढ़ रहा है।

वज्रपात से गई जान, परिवार में मातम

दुमका जिले में वज्रपात का दर्दनाक मामला सामने आया। मसलिया थाना क्षेत्र के डिगवाडीह गांव में बिजली गिरने से 35 वर्षीय कन्हैया राय की मौत हो गई, जबकि उनके पिता झुलस गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

आज भी ऐसा ही रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी झारखंड के ज्यादातर जिलों में रुक-रुक कर बारिश होगी। कुछ इलाकों में तेज हवा चल सकती है और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *