Home

बाबूलाल मरांडी का DMFT फंड पर बड़ा आरोप, SIT जांच की मांग

बाबूलाल

Ranchi : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट के माध्यम से DMFT (District Mineral Foundation Trust) फंड के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि रांची जिले में DMFT फंड से 85.86 लाख रुपये की लागत से डाक बंगला बना दिया गया, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

मरांडी ने बताया कि सिर्फ रांची ही नहीं, बल्कि बोकारो जिले में भी DMFT फंड से करीब 2.25 करोड़ रुपये की लागत से डाक बंगला और जिम का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा DMFT फंड का उद्देश्य प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को सुधारना है, न कि सरकारी भवन या बंगले बनाने में खर्च करना।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नियमों के अनुसार इस फंड का उपयोग प्रदूषण कम करने, स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, पानी और हवा की गुणवत्ता सुधारने और प्रभावित लोगों की आजीविका बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड में करीब 2000 पंचायतें प्रदूषण से प्रभावित हैं, तो ऐसे में निर्धारित राशि का इस्तेमाल डीसी के बंगले या सरकारी सुविधाओं के निर्माण पर कैसे किया जा रहा है। बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन से मांग की है कि DMFT फंड के कथित दुरुपयोग की जांच के लिए एसआईटी गठित की जाए और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *