जामताड़ा

बाबा दुखिया मंदिर झारखंड की अमूल्य धरोहर : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी

जामताड़ा : राज्य के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा दुखिया मंदिर को झारखंड की अमूल्य धरोहर बताते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि यह पवित्र स्थल उनके विधानसभा क्षेत्र जामताड़ा में स्थित है।

मकर संक्रांति के अवसर पर करमदहा कर्मधाम में आयोजित मेले के दौरान शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री ने बाबा दुखिया के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य, देश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

डॉ. अंसारी ने कहा कि बाबा दुखिया मंदिर वर्षों से श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का केंद्र रहा है। हर साल मकर संक्रांति के अवसर पर यहां देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जो इस स्थल की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि विधायक बनने से पहले भी वे नियमित रूप से बाबा के दरबार में आते रहे हैं और मंत्री बनने के बाद भी उनकी आस्था में कोई कमी नहीं आई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कर्मधाम अब पूरे झारखंड में एक विशिष्ट पहचान बना चुका है। क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। आने वाले समय में यहां भव्य हेरिटेज कॉटेज का निर्माण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी और वे प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद ले सकेंगे।

समाज में सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि प्रेम, सद्भाव और आपसी सम्मान से ही समाज मजबूत बनता है। किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।

उन्होंने कहा कि कर्मधाम मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था का विशाल केंद्र बन चुका है। श्रद्धालुओं का दृढ़ विश्वास है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना बाबा दुखिया मंदिर में अवश्य पूर्ण होती है। इसी अटूट आस्था के कारण हर वर्ष यहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *