Home

संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

एथलेटिक्स, कुश्ती, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल और तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन

साहेबगंज। सिदो-कान्हु स्टेडियम, साहेबगंज में आयोजित संथाल परगना क्षेत्रीय पुलिस खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स, कुश्ती, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, योगासन और तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

एथलेटिक्स में गोड्डा और देवघर के खिलाड़ियों का दबदबा

5000 मीटर पुरुष दौड़ में गोड्डा के आनंद टुडू ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि 1500 मीटर महिला दौड़ में गोड्डा की संगीता कुमारी प्रथम रहीं। 200 मीटर पुरुष वर्ग में देवघर के सोमलाल मुर्मू और महिला वर्ग में साहेबगंज की सेलेस्टीना बेसरा ने पहला स्थान प्राप्त किया।

डिस्कस थ्रो पुरुष वर्ग में देवघर के अशरफ अली तथा महिला वर्ग में गोड्डा की खुशबू कुमारी विजेता बनीं। ऊंची कूद पुरुष वर्ग में गोड्डा के विकास हेंब्रम ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

योगासन में गोड्डा और जामताड़ा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

पुरुष योगासन प्रतियोगिता में गोड्डा के रंजन प्रसाद प्रथम रहे, जबकि महिला वर्ग में जामताड़ा की शर्मिला हांसदा ने पहला स्थान प्राप्त किया।

कबड्डी और वॉलीबॉल में रोमांचक मुकाबले

कबड्डी पुरुष वर्ग में पाकुड़ ने साहेबगंज को 23-14 से हराया। दूसरे मुकाबले में दुमका ने पाकुड़ को 16-05 से पराजित किया।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में गोड्डा ने दुमका को सीधे सेटों में 25-21, 25-21 से हराया। वहीं जामताड़ा ने पाकुड़ को 25-07, 25-08 से मात दी। सेमीफाइनल में देवघर ने गोड्डा को 25-18, 25-10 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

कुश्ती में पाकुड़ के पहलवानों का दबदबा

कुश्ती प्रतियोगिता में पाकुड़ के पहलवानों ने कई भार वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा। 57, 70, 74, 86, 92 और 97 किलोग्राम वर्ग में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

महिला कुश्ती में गोड्डा की संगीता कुमारी और खुशबू कुमारी, जबकि देवघर की मोनी कुमारी और शशि प्रभा ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए।

फुटबॉल में साहेबगंज और पाकुड़ फाइनल में

फुटबॉल पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में साहेबगंज ने जामताड़ा को ट्राईब्रेकर में 4-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में पाकुड़ ने दुमका को 2-0 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।

बैडमिंटन में गोड्डा और देवघर का जलवा

बैडमिंटन पुरुष डबल्स में गोड्डा की चंदन सिंह एवं महावीर पंडित की जोड़ी विजेता बनी। वहीं सिंगल्स प्रतियोगिता में देवघर के रणजीत कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया।

तीरंदाजी में साहेबगंज के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

तीरंदाजी प्रतियोगिता में रिकर्व पुरुष वर्ग में साहेबगंज के मनोज मुर्मू प्रथम रहे। पुरुष इंडियन राउंड में भी साहेबगंज के पीयूष मुर्मू ने स्वर्ण पदक जीता। महिला इंडियन राउंड में साहेबगंज की सेल्सटीना बेसरा ने पहला स्थान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *