लातेहार

पलामू टाइगर रिजर्व में एक और जंगली हाथी की मौत, जांच में जुटा वन विभाग

Latehar : लातेहार जिले के पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथी की मौत का मामला सामने आया है। बुधवार को बुचीदाड़ी गांव के पास धान के खेत के किनारे एक मृत हाथी मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पीटीआर के डिप्टी डायरेक्टर पी.के. जेना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हाथी की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सकों की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

जानकारी के अनुसार, मृत हाथी बिना दांत वाला था, जो बेतला क्षेत्र में पाई जाने वाली एक विशेष प्रजाति का था। खेत के पास शव मिलने से स्थानीय लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

गौरतलब है कि झारखंड में हाथियों की संख्या लगातार घटती जा रही है। वर्ष 2017 में राज्य में हाथियों की संख्या 600 से अधिक थी, जो 2025 में घटकर मात्र 217 रह गई है। इनमें से लगभग 130 हाथी पलामू टाइगर रिजर्व और आसपास के इलाकों में हैं। पिछले तीन वर्षों में लातेहार जिले में छह से अधिक हाथियों की मौत हो चुकी है, जिससे वन विभाग की चिंता और बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *