Home

शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर नेमरा में होगा कार्यक्रम, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे प्रतिमा का अनावरण

रामगढ़, 31 जुलाई। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव में मनाई जाएगी। 4 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शामिल होंगे।

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शुक्रवार को जिले के अधिकारियों के साथ नेमरा गांव पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के आवास, लुकैयाटांड़ और कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग और टेंट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

शिबू सोरेन की प्रतिमा का होगा अनावरण

नेमरा गांव में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा भी स्थापित की जा रही है। प्रतिमा के लिए उस स्थान को चिन्हित किया गया है, जहां से शिबू सोरेन ने अपने आंदोलन की शुरुआत की थी। इस स्थान पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

बताया गया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम के दौरान शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। पुण्यतिथि कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगातार जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *