Home

रांची में एसआईआर को लेकर बैठक, डीसी ने दावा-आपत्ति आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन के दिए निर्देश

रांची, 31 जुलाई। समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर बैठक हुई। बैठक में इन्यूसमेशन फेज पूरा होने के बाद प्राप्त होने वाले दावा एवं आपत्ति संबंधी आवेदनों के भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में रांची जिले के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक सुमन, सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में दावा एवं आपत्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसलिए प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से निष्पादन किया जाना चाहिए।

उन्होंने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक में दावा एवं आपत्ति से जुड़े विभिन्न प्रकार के मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जांच, सत्यापन की कार्यप्रणाली, समय-सीमा के अनुपालन तथा आयोग द्वारा निर्धारित कानूनी एवं प्रक्रियात्मक प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा हुई।

उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें, ताकि रांची जिले की मतदाता सूची को अधिक से अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *