बोकारो कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद मचा हड़कंप

Bokaro : राजधानी रांची में अदालत और सरकारी दफ्तरों को मिली धमकी के बाद अब बोकारो के सिविल कोर्ट कॉम्प्लेक्स को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई है। ईमेल मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया और पूरे कोर्ट परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार बोकारो न्याय सदन समेत पूरे कोर्ट कॉम्प्लेक्स को निशाना बनाते हुए धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली करा दिया और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया।
स्पॉट पर पहुंचे एसपी
घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उनके साथ कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल भी मौजूद रहा। पुलिस अधीक्षक ने पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की और जांच अभियान शुरू कराया।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची
बम की आशंका को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच शुरू की। परिसर में खड़ी गाड़ियों की भी सघन जांच की जा रही है। इसके लिए हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस की टीम कोर्ट भवन, पार्किंग एरिया, कार्यालयों और आसपास के इलाकों की लगातार तलाशी ले रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इस बीच जिला बार एसोसिएशन के वकीलों से अपील की गई है कि वे फिलहाल कॉम्प्लेक्स के अंदर ही रहें और पुलिस की जांच पूरी होने तक बाहर न निकलें। प्रशासन का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई सुरक्षा के मद्देनजर एहतियात के तौर पर की जा रही है।
मालूम हो कि इससे पहले भी झारखंड में रांची सिविल कोर्ट, डीसी ऑफिस और पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
