Home

अजित पवार का अंतिम संस्कार बारामती में संपन्न, बेटों पार्थ और जय ने दी मुखाग्नि

बारामती। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक क्षेत्र बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में पूरे राजकीय सम्मान और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। उनके दोनों पुत्रों पार्थ पवार और जय पवार ने पिता को मुखाग्नि दी।

अंतिम संस्कार से पूर्व अजित पवार के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर विद्या प्रतिष्ठान मैदान लाया गया, जहां हजारों लोगों ने अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन किए। पत्नी सुनेत्रा पवार, जो एनसीपी की राज्यसभा सांसद हैं, ने पति के पार्थिव शरीर पर गंगाजल अर्पित कर भावभीनी विदाई दी।

इस दौरान पवार परिवार के वरिष्ठ नेता शरद पवार, उनकी बेटी सुप्रिया सुले, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सहित कई वरिष्ठ नेता, मंत्री और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बताया गया कि एक से दो किलोमीटर तक सिर्फ लोगों की भीड़ नजर आ रही थी। 28 जनवरी की देर रात से ही महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से लोग बारामती पहुंचने लगे थे, जिसके कारण सुबह कई इलाकों में यातायात जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।

पार्थ और जय पवार ने पूरे रीति-रिवाज के साथ पिता का अंतिम संस्कार किया। इससे पहले पारिवारिक सदस्यों और नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और अजित पवार के राजनीतिक जीवन, जनसेवा और नेतृत्व को याद किया।

गौरतलब है कि अजित पवार का चार्टर्ड विमान बुधवार सुबह बारामती एयरपोर्ट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके बाद पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई थी। उनके निधन को महाराष्ट्र की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *