झारखंड के अजित नाग का भारतीय रग्बी टीम में चयन
चीन में एशिया रग्बी अमीरात अंडर-18 चैंपियनशिप में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व
रांची : झारखंड के उभरते रग्बी खिलाड़ी अजित नाग ने एक बार फिर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। 13 एवं 14 सितंबर को चीन के होहोठ शहर में आयोजित एशिया रग्बी अमीरात अंडर-18 चैंपियनशिप के लिए अजित नाग का चयन भारतीय रग्बी टीम में किया गया है।
अजित नाग का चयन हाल ही में आयोजित अंडर-18 नेशनल चैंपियनशिप के दौरान किया गया था, जहां उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में आमंत्रित किया गया। 7 अगस्त से कोलकाता में आयोजित इस शिविर में उन्होंने कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर अंतिम 12 खिलाड़ियों में अपनी जगह सुनिश्चित की।
यह तीसरा अवसर है जब अजित भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे पहले उन्होंने 2024 में मलेशिया में आयोजित अंडर-18 चैंपियनशिप तथा 2025 में बिहार के राजगीर में आयोजित अंडर-20 एशिया रग्बी चैंपियनशिप में भी भारतीय टीम की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था। खासकर राजगीर में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं और खेलप्रेमियों को खासा प्रभावित किया।
अजित की इस उपलब्धि पर झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री विष्णु कुमार जलान, वरीय उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सुरेश कुमार, महासचिव हेजाज असदक, कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, संयुक्त सचिव शशि पांडे, शादाब खान, सचिन कुमार सहित कई खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्य के लिए यह गर्व का क्षण है और अजित नाग की यह सफलता झारखंड में रग्बी खेल के प्रति युवाओं में बढ़ती रुचि और समर्पण का प्रतीक है।
