Home

खूंटी में युवक की पत्थर से कूचकर हत्या, इलाके में सनसनी

Khunti : अड़की थाना क्षेत्र में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीरबांकी-घाघरा रोड के किनारे एक युवक का शव मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मृतक की पहचान कोटोबेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय चमरा मुंडा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि पत्थर से कूचकर उसकी हत्या की गई है।

सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव

ग्रामीणों के अनुसार, सुबह टहलने निकले लोगों की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर भेजा पोस्टमार्टम

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है।

हाट से लौटने के बाद हुई वारदात की आशंका

जांच में सामने आया है कि मृतक शनिवार को बीरबांकी साप्ताहिक हाट गया था, जहां उसे नशे की हालत में देखा गया था। आशंका है कि उसी दौरान या लौटने के बाद अज्ञात लोगों ने उसकी हत्या कर दी।

ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द गिरफ्तारी की मांग

घटना को लेकर बीरबांकी ग्राम सभा के लोगों ने चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है और जांच में सहयोग का भरोसा दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *