Home

कुल्हाड़ी से काट कर दी पत्नी की हत्या, मायके जाने की जिद बना काल

Bokaro : बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मायके जाने की बात को लेकर हुए विवाद में एक पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति खून से सने शव के पास ही बेखौफ सो गया। रविवार सुबह जब परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, तब इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। यह घटना चाकुलिया टोला, रामडीह गांव की है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय शानु देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति विकास रजवार है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मायके जाने को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात शानु देवी ने अपने पति विकास रजवार से मायके जाने की इच्छा जताई थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि गुस्से में विकास ने सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से शानु देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कुछ देर के लिए घर से बाहर चला गया।

शराब पीकर लौटा और शव के पास ही सो गया

ग्रामीणों के मुताबिक, विकास रजवार शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे में घर में झगड़ा करता था। पत्नी की हत्या करने के बाद भी वह दोबारा शराब पीकर घर लौटा और खून से लथपथ पत्नी के शव के पास ही सो गया। इस घटना ने पूरे गांव को दहला दिया। लोगों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार पहले से ही हिंसक था और घर में अक्सर विवाद होता रहता था।

सुबह पिता ने खोला राज

रविवार सुबह करीब नौ बजे जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो विकास के पिता शक्ति पद रजवार दोनों को जगाने पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि बहू शानु देवी खून से सनी जमीन पर पड़ी हुई है। जब उन्होंने बेटे से पूछा, तो विकास ने खुद ही पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में

सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति विकास रजवार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद और शराब के नशे में की गई हत्या का लग रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद रामडीह गांव में मातम और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक छोटी सी बात ने एक परिवार को पूरी तरह बर्बाद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *