रांची

रांची में भक्ति और सेवा का संगम: श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में अन्नपूर्णा महाप्रसाद का भव्य आयोजन

रांची : डॉ. संत शिरोमणी स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग (रांची) में 263वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।

इस अवसर पर श्री राधा रानी जी को दिव्य आभूषणों से सुसज्जित कर आकर्षक एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडेय द्वारा विधिवत महाप्रसाद का भोग लगाया गया। महाप्रसाद में मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, तरबूज, जलजीरा शर्बत और सत्तू पानी का वितरण किया गया।

मंदिर परिसर में उपस्थित 1500 से अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद बांटा गया। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में ट्रस्ट के भजन गायकों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। श्री राधा-कृष्ण के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक महाआरती के साथ हुआ।

ट्रस्ट के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने जानकारी दी कि मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और करीब 3000 से अधिक भक्तों ने दर्शन किए। उन्होंने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 12 से 2 बजे तक वेजिटेबल खिचड़ी महाप्रसाद का वितरण किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन 400 से अधिक श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।

इस आयोजन में डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, अंजनी अग्रवाल, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, अनिल अग्रवाल, ज्ञान प्रकाश शर्मा और संजय सर्राफ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *