लायंस क्लब ऑफ रांची में हुआ भव्य महारुद्राभिषेक, गूंजा “हर-हर महादेव”
रांची, 5 अगस्त – लायंस क्लब ऑफ रांची के तत्वावधान में सोमवार को क्लब परिसर में एक भव्य महारुद्राभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म से ओतप्रोत इस आयोजन में कुल 11 श्रद्धालु जोड़ियों ने वैदिक विधि से भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कुशल आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ हुई। युगलों ने संकल्प लेकर गंगाजल, दूध, दही, शहद, घृत, बेलपत्र, भस्म और सुगंधित पुष्पों से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। संपूर्ण वातावरण ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
चेयरपर्सन लायन निर्मल कुमार मानपुरिया ने कहा कि सावन मास में शिव आराधना का विशेष महत्व है और यह आयोजन सामाजिक एवं आध्यात्मिक चेतना के विस्तार का माध्यम बना। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करते हैं।
क्लब अध्यक्ष दिलीप बंका ने जानकारी दी कि भविष्य में भी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की श्रृंखला जारी रहेगी, जिससे सेवा, सद्भाव और संस्कृति का प्रसार हो।
कार्यक्रम के अंत में सामूहिक शिव आरती और स्तुति पाठ का आयोजन हुआ। सभी भक्तों के बीच भोलेनाथ का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे ग्रहण कर उपस्थित जनसमुदाय ने स्वयं को पुण्य का भागी माना।
इस अवसर पर लायन सिद्धार्थ मजूमदार, लायन राजेश मोर, लायन राजेश चौधरी, लायन बीके गडयान, लायन मनीष गाड़ोदिया, लायन अजय सकुजा, लायन अजय अग्रवाल, लायन ओम प्रकाश अनुज सहाय, अनिल गोयल सहित क्लब के कई सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
