खूंटी

खूंटी में PLFI के नाम पर लेवी वसूली की साजिश नाकाम, 6 अपराधी हथियार के साथ गिरफ्तार

Khunti : खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पीएलएफआई संगठन के नाम पर लेवी वसूली की साजिश रच रहे छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से देशी पिस्टल, जिंदा गोली, लेवी का हिसाब-किताब, कई दस्तावेज और घटना में इस्तेमाल की जा रही कार भी बरामद की गई है।

एसपी मनीष टोप्पो ने मीडिया को बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि खूंटी थाना क्षेत्र के तजना नदी के पास नहर किनारे कुछ अपराधी कार से पहुंचे हैं। उनके पास अवैध हथियार भी है। बताया गया कि ये लोग पीएलएफआई संगठन के नाम पर लेवी की राशि लेने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी के निर्देश पर खूंटी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस टीम सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंची और तजना नदी के पास नहर किनारे छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय भोक्ता, धीरज कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक राम, शुभम कुमार पोद्दार उर्फ शुभम कुमार, निमिस गोप उर्फ हनि और राम आयोध्या शर्मा उर्फ राजा शर्मा के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से खरीदे गए मोबाइल फोन की रसीद, एक देशी पिस्टल, जिंदा गोलियां, पीएलएफआई संगठन के पर्चे, लेवी की वसूली का हिसाब लिखी नोटबुक, व्यवसायियों और ठेकेदारों के नाम-पते व मोबाइल नंबर की सूची बरामद की है। इसके अलावा अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों से जुड़े पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और जमीन की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

एसपी ने बताया कि अपराधियों के पास से घटना में इस्तेमाल की जा रही एक्सयूवी 500 कार भी बरामद की गई है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *