धनबाद

दिल्ली बम धमाके के बाद धनबाद रेल सहित पूरा जिला हाई अलर्ट पर

धनबाद, 11 नवंबर । दिल्ली में सोमवार देर शाम हुए बम धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। इसी के तहत धनबाद पुलिस और धनबाद रेल मंडल भी अलर्ट मोड पर है। जिसे लेकर न सिर्फ पूरे जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है, बल्कि धनबाद रेल स्टेशन पर भी सघन जांच अभियान जारी है। आरपीएफ निरीक्षक अजय प्रकाश के नेतृत्व में यह अभियान देर रात शुरू हुआ, जो मंगलवार को भी जारी रहा।

जांच के दौरान रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, पार्सल ऑफिस और पार्किंग एरिया की गहन तलाशी ली गई। संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की भी बारीकी से जांच की गई। आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने स्वान दस्ते की मदद से प्लेटफॉर्म पर खड़े बैग और छोड़े गए पार्सल की जांच की।

अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि या विस्फोटक सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यात्रियों से अपील की गई है कि वे संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत रेलवे पुलिस को सूचित करें।

वहीं, इस मामले पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली में विस्फोट की घटना के बाद पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया गया है। जिसे लेकर धनबाद पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। घटना के बाद से ही पूरे जिले में अलग-अलग स्थानों पर सर्च अभियान, वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही इस मामले में राज्य सरकार से आने वाले हर निर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है।

धनबाद रेल स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों अरमान खान और अहमद ने कहा कि कल की घटना काफी दुखदायी है। इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि धनबाद रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे इस अभियान की वे प्रशंसा करते हैं। इस तरह का अभियान लगातार चलाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *