बिहार

बिहार चुनाव 2025दूसरे फेज की 122 सीटों पर वोटिंग कल:45399 बूथों पर आज EVM पहुंचीं

Bihar Vidhan Sabha Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में राज्य के 20 जिलों की 122 सीट पर होने वाले मतदान के लिए प्रचार रविवार शाम पांच बजे थम गया। इसके बाद इन जिलों में किसी भी प्रकार की सभा, रैली या रोड शो पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। दूसरे चरण में जिन 20 जिलों में मतदान होगा उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास शामिल हैं। दूसरे चरण के मतदान को लेकर EVM डिस्पैच की जा रही है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर सीआरपीएफ जवानों को लगाया गया है। वहीं मतदान के लिए EVM के साथ रवाना हुए पीठासीन पदाधिकारी भी इस मतदान को लेकर काफी उत्साहित है।

झारखंड पुलिस ने बिहार की सीमा से लगे जिलों में अतिरिक्त जांच चौकियां स्थापित

झारखंड पुलिस ने बिहार में 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण और घाटशिला उपचुनाव से पहले अवैध आवाजाही को रोकने के लिए राज्य से लगे 10 सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त जांच चौकियां स्थापित की हैं। पलामू, गढ़वा, कोडरमा, चतरा, हजारीबाग, गोड्डा, गिरिडीह, देवघर, साहिबगंज और दुमका के सीमावर्ती इलाकों में निषेधाज्ञा पहले ही लागू कर दी गई है। झारखंड पुलिस ने इन 10 जिलों में 43 जांच चौकियां स्थापित की हैं।

दूसरे चरण के मतदान को लेकर EVM लेकर रवाना हुए मतदान कर्मी,दिखा उत्साह

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर तीनगछिया बाजार समिति में EVM डिस्पैच की जा रही है। इस दौरान कटिहार के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने कहा कि कटिहार जिले में फेज 2 में सातों सीट में कल सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक निर्धारित है, जिसे लेकर आज EVM का वितरण किया जा रहा है। सभी मतदान कर्मी EVM के साथ निकल रहे है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर सीआरपीएफ जवान को लगाया गया है ,78 सीआरपीएफ की कंपनी सहित जिला पुलिस बल और राज्य पुलिस बल भी आई हुई है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है सभी लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल अवश्य करें।

दूसरे चरण की तैयारियां पहले से भी ज्यादा कड़ी: डीजीपी

बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने रविवार को कहा कि विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर सुरक्षा इंतज़ाम पूरी तरह से पुख्ता कर दिए गए हैं और पहले चरण की तुलना में इस बार सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी की गई है। डीजीपी ने बताया कि 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए सभी जिलों में सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है। इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इनमें कई जिले अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं से सटे हैं, जिसके चलते अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा से सटे सात जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। वहीं झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की सीमाओं से लगे जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा को शनिवार से पूरी तरह सील कर दिया गया है, जबकि अंतरराज्यीय सीमाएं रविवार शाम तक बंद कर दी जाएंगी। डीजीपी ने कहा कि दूसरे चरण में केंद्रीय सुरक्षा बलों की कुल 1,650 कंपनियां तैनात की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त राज्य पुलिस बल की अतिरिक्त टुकड़ियां भी प्रत्येक जिले में भेजी गई हैं ताकि हर मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *