धनबाद का कुख्यात अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह उत्तर प्रदेश में मुठभेड़ में ढेर
20 से अधिक आपराधिक मामलों में था वांछित, एके-47 और पिस्टल के साथ प्रयागराज में मारा गया
रांची/धनबाद, 08 अगस्त ।झारखंड के धनबाद जिले का कुख्यात अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह बुधवार देर रात उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यूपी एसटीएफ और शंकरगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह मुठभेड़ शिवराजपुर चौराहा के पास हुई। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आशीष के पास से एके-47 राइफल, 9 एमएम पिस्टल और अन्य हथियार बरामद किए हैं।
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आशीष रंजन कई संगीन मामलों में फरार चल रहा था और उसकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी। प्रयागराज पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने साथी के साथ शिवराजपुर होते हुए जा रहा है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, लेकिन पकड़े जाने के डर से आशीष ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में उसका एक साथी भी घायल हुआ है।
अपराध की लंबी फेहरिस्त
एसएसपी ने बताया कि आशीष रंजन पर 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। धनबाद के अलग-अलग थानों में रंगदारी, बमबाजी, हत्या और जानलेवा हमले जैसे गंभीर आरोपों में उसकी तलाश थी।
जिन मामलों में प्रमुख रूप से था शामिल:
- 12 मई 2021 को वासेपुर, धनबाद में जमीन कारोबारी सरफुल हसन की हत्या के मामले में फरार था।
- झरिया के टायर व्यवसायी रंजीत सिंह की हत्या में भी उसका नाम सामने आया था।
- गैंगस्टर अमन सिंह की 3 दिसंबर 2023 को धनबाद जेल में गोली मारकर की गई हत्या का मास्टरमाइंड भी आशीष ही था। घटना के बाद उसने सोशल मीडिया पर ऑडियो क्लिप जारी कर हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
- जमीन कारोबारी समीर मंडल की हत्या के मामले में आशीष पहली बार जेल गया था।
आशीष की संगठित आपराधिक गतिविधियों और गैंगवार से धनबाद में दहशत का माहौल बना हुआ था। पुलिस और खुफिया एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश में थीं। यूपी में हुई यह मुठभेड़ झारखंड पुलिस के लिए भी एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
