कार्तिक पूर्णिमा पर श्याम मंदिर में शालिग्राम पूजन और सत्यनारायण कथा, 231वां सुंदरकांड पाठ भी आयोजित
हरमू रोड स्थित मंदिर में भक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ की आराधना, हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के संगीतमय पाठ के बाद हुई महाआरती
रांची। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। मंदिर में 56वें श्री शालिग्राम पूजन के साथ श्री सत्यनारायण कथा का विधि-विधान से आयोजन किया गया। मंदिर के आचार्य संजय पांडे ने पूजा-अर्चना और कथा संपन्न कराई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूजन और आरती के बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया गया।
231वां सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ आयोजित
श्री श्याम मित्र मंडल की ओर से मंदिर परिसर में 231वें श्री सुंदरकांड एवं श्री हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। ‘राम सिया राम, सिया राम जय जय राम’ के भजनों और बजरंगबली के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
मंडल के निवर्तमान महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया और कार्यकारिणी सदस्य अनिल नारनौली ने सुनील मोदी से बालाजी महाराज की अखंड ज्योति प्रज्वलित कराई। इसके बाद केसरिया पेड़ा, गुड़, चना और फल का भोग अर्पित किया गया। सुनील मोदी ने श्रीरामचरितमानस ग्रंथ का पूजन किया और पाठ वाचकों का चंदन-वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पाठ वाचक मनीष सारस्वत और ओम शर्मा ने सहयोगियों के साथ ढोलक और ढपली की धुन पर श्री गणेश वंदना की। इसके बाद श्री हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से संगीतमय सुंदरकांड पाठ में भाग लिया। बीच-बीच में भजनों की प्रस्तुति ने भक्तिमय माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
महाआरती के बाद भक्तों में बांटा गया प्रसाद
सुंदरकांड पाठ के समापन के बाद पुनः श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
आयोजन में श्रवण ढानढनिया ने चना प्रसाद, पुष्पा देवी पोद्दार ने केसरिया पेड़ा, मनीष साहू ने गिरिगोला और राजेश जायसवाल ने फल प्रसाद की सेवा निवेदित की।
इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष गोपाल मुरारका, महामंत्री गौरव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक लड़ियां, कोषाध्यक्ष मनोज खेतान सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।
