विस्फोटक वाहन रोकने पर पुलिस-ग्रामीणों में भिड़ंत, राजहरा कोलियरी बना रणक्षेत्र
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने रोका रास्ता, झड़प में तीन ग्रामीण और तीन महिला पुलिसकर्मी घायल; छह नामजद समेत 35 लोगों पर प्राथमिकी
पलामू। पंडवा थाना क्षेत्र स्थित सीसीएल की राजहरा कोलियरी में जमीन और मकान के मुआवजे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को ब्लास्टिंग के लिए जा रहे विस्फोटक वाहन को ग्रामीणों ने रोक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। घटना में तीन ग्रामीणों और तीन महिला पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। महिला आरक्षी तारा देवी ने इस मामले में छह नामजद सहित 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सीसीएल प्रबंधन उचित मुआवजा दिए बिना उनके घरों के आसपास खनन और हैवी ब्लास्टिंग करा रहा है। उनका कहना है कि ब्लास्टिंग के कारण मकानों की दीवारों में दरारें आ गई हैं और घरों को नुकसान पहुंचा है। इससे प्रभावित परिवारों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो गया है।
मुआवजा नहीं मिलने तक ब्लास्टिंग रोकने की चेतावनी
ग्रामीणों की मांग है कि प्रभावित परिवारों को जमीन और मकानों का उचित मुआवजा मिलने तक खनन और ब्लास्टिंग का काम बंद रखा जाए। इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने सीसीएल के कांटा घर तक जाने वाले रास्ते को अवरुद्ध कर दिया। इसके कारण विस्फोटक वाहन समेत अन्य गाड़ियां सड़क पर खड़ी हो गईं।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर महिला आरक्षी तारा देवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाएं विस्फोटक से भरे वाहन के नजदीक चली गईं और उसके पास लेट गईं। पुलिसकर्मियों ने उन्हें वाहन से दूर हटने को कहा। इसी बात को लेकर कुछ लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए। इसके बाद मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
तीन महिला पुलिसकर्मी घायल
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, झड़प में महिला आरक्षी तारा देवी के सिर में गंभीर चोट आई। वहीं आशा कुमारी के चेहरे, कंधे और हाथ में चोट लगी, जबकि खुशबू कुमारी की एक उंगली टूट गई। दूसरी ओर, तीन ग्रामीणों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
दो दिन पहले भी रोका गया था विस्फोटक वाहन
राजहरा कोलियरी में विस्फोटक वाहन रोकने को लेकर दो दिन पहले भी प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हुई थी। सीसीएल के सुरक्षा विभाग में कार्यरत बलराम साव ने 500 किलोग्राम विस्फोटक लदे वाहन को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया था। इस आवेदन के आधार पर 15 ग्रामीणों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मुआवजे की मांग को लेकर जारी विरोध और पुलिस के साथ हुई झड़प के बाद राजहरा कोलियरी में तनाव बना हुआ है। विवाद की मुख्य वजह प्रभावित परिवारों को जमीन और मकान का उचित मुआवजा नहीं मिलना है।
